कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उच्चस्तरीय बैठक, सेवा भाव के साथ होगा आयोजन

कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उच्चस्तरीय बैठक, सेवा भाव के साथ होगा आयोजन
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में कांवड़ यात्रा 2025 की तैयारियों को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में इस वर्ष राजधानी में लगने वाले कांवड़ शिविरों की योजना, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिवभक्त को सम्मान, सुविधा और सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा,
“कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का अवसर है। दिल्ली सरकार इसे भक्ति, व्यवस्था और संवेदनशीलता के साथ आयोजित करेगी।”
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, श्री आशीष सूद, श्री मनजिंदर सिंह सिरसा, श्री कपिल मिश्रा सहित विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

दिल्ली सरकार ने इस बार एक बड़ा निर्णय लेते हुए कांवड़ियों की सेवा की जिम्मेदारी मंत्रियों और विधायकों को सौंपी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएम और एसडीएम की निगरानी में कांवड़ यात्रा की हर व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसी भी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ किया कि यह सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक सेवा मिशन है, जिसमें दिल्ली सरकार पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ जुटी है।



