वृंदावन। श्रीधाम वृंदावन स्थित विश्वप्रसिद्ध श्री बाँके बिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए रेलिंग लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह निर्णय हाईपावर कमेटी के निर्देश पर लिया गया है, जिसका उद्देश्य मंदिर में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करना और श्रद्धालुओं को सहज दर्शन उपलब्ध कराना है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, गेट नंबर 2, 3 और 5 से लेकर निकास द्वार तक रेलिंग लगाई जा रही है, जिससे श्रद्धालु तय मार्ग से होकर ही दर्शन कर सकेंगे।
इसके साथ ही गेट नंबर 5 से वीआईपी कटघरे तक विशेष रेलिंग लगाई जा रही है। इस व्यवस्था के तहत वीआईपी श्रद्धालु भीड़ के बीच सुरक्षित रूप से ठाकुर बांके बिहारी जी के समीप जाकर दर्शन कर सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे आम श्रद्धालुओं और वीआईपी दर्शन व्यवस्था के बीच संतुलन बना रहेगा।
15 दिन में पूरा होगा रेलिंग लगाने का कार्य
मंदिर प्रशासन ने बताया कि रेलिंग लगाने का कार्य लगभग 15 दिनों में पूरा होने की संभावना है। इसके बाद मंदिर में प्रवेश और निकास की व्यवस्था पूरी तरह कतारबद्ध और नियंत्रित हो जाएगी, जिससे धक्का-मुक्की और अव्यवस्था जैसी समस्याओं पर रोक लगेगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगा सुगम और सुरक्षित दर्शन
नई व्यवस्था लागू होने के बाद श्रद्धालु रेलिंग से होकर व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर सकेंगे। इससे न केवल मंदिर परिसर में अनुशासन बना रहेगा, बल्कि बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।
प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए और भी सुधारात्मक कदम उठाए जा सकते हैं, ताकि श्री बाँके बिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाया जा सके।



