3 महीने से राजधानी में बारिश नहीं, सूखी ठंड ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
राजधानी दिल्ली में बीते तीन महीनों से बारिश नहीं होने के कारण मौसम का मिजाज असामान्य बना हुआ है। आमतौर पर सर्दियों के इन तीन महीनों में राजधानी में करीब 32 मिमी बारिश दर्ज की जाती है, लेकिन इस बार जनवरी के पहले सप्ताह में इलाके में हुई हल्की बूंदाबांदी के अलावा अब तक कोई बारिश नहीं हुई है। इससे पहले आखिरी बार 7 अक्टूबर को बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
लगातार बारिश न होने के कारण दिल्ली में सूखी ठंड लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इतने लंबे समय तक बारिश का न होना सामान्य स्थिति नहीं मानी जाती।
बारिश की कमी का असर सर्दियों के पैटर्न पर भी साफ नजर आ रहा है। इस बार अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे दिन के समय ठंडी हवाएं चल रही हैं और शीत लहर जैसी स्थिति महसूस की जा रही है। वहीं, न्यूनतम तापमान अभी तक सामान्य के आसपास बना हुआ है।
आमतौर पर जनवरी के पहले 15 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है, लेकिन इस बार यह 6.6 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश न होने की स्थिति बनी रही तो ठंड का यह बदला हुआ स्वरूप आगे भी जारी रह सकता है।


